Samachar Nama
×

अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप: मानसी, काजल और सुमित ने जीते गोल्ड, दूसरे दिन भारत के नाम 8 मेडल

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। रविवार को वियतनाम के दा नांग में टिएन सोन स्पोर्ट सेंटर में जारी प्रतियोगिता में मानसी लाठर, काजल और सुमित ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप: मानसी, काजल और सुमित ने जीते गोल्ड, दूसरे दिन भारत के नाम 8 मेडल

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। रविवार को वियतनाम के दा नांग में टिएन सोन स्पोर्ट सेंटर में जारी प्रतियोगिता में मानसी लाठर, काजल और सुमित ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

68 किलोग्राम वर्ग के गोल्ड मेडल मुकाबले में मानसी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए उज्बेकिस्तान की फिरूजा एसेनबाएवा को 14-1 से शिकस्त दी। वहीं, 76 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में काजल का प्रदर्शन भी उतना ही शानदार रहा, जिन्होंने किर्गिस्तान की आइझारकिन झानीबेकोवा को 10-0 से हराया।

ग्रीको-रोमन पहलवान सुमित ने 63 किलोग्राम वर्ग में उज्बेकिस्तान के ओजोदबेक खलीलबोएव को 12-2 से मात देकर खिताब अपने नाम किया।

इन तीन गोल्ड मेडल के अलावा, भारतीय दल ने दो सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज मेडल भी अपने नाम किए। स्वीटी ने अपने फाइनल मुकाबले में कड़ा संघर्ष किया, लेकिन वह वियतनाम की नगोक एल. डो के खिलाफ 5-7 से हार गईं, जिसके बाद उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

नेहा ने भी 59 किलोग्राम वर्ग के खिताबी मुकाबले में जोरदार टक्कर दी, लेकिन उन्हें उज्बेकिस्तान की लायलोखोन सोबिरोवा के हाथों 5-9 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ भारत के खाते में दिन का दूसरा सिल्वर मेडल आया।

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा, "हमारे युवा पहलवानों ने आज मैट पर अपने जबरदस्त प्रदर्शन से हमें बेहद गौरवान्वित किया है। इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतना और इतने सारे मेडल अपने नाम करना भारतीय कुश्ती की गहराई, दृढ़ संकल्प और अनुशासन को दर्शाता है। मैं मानसी, काजल, सुमित, स्वीटी, नेहा, अहिल्या, नीरज और रोहित को उनके मेडल के लिए हार्दिक बधाई देता हूं। उनकी कड़ी मेहनत रंग लाई है। मुझे उम्मीद है कि टीम के बाकी सदस्य भी आने वाले मुकाबलों में इस सकारात्मक लय को बनाए रखेंगे।"

इस बीच, अहिल्या एस. शिंदे ने ब्रॉन्ज मेडल के प्लेऑफ मुकाबले में किर्गिस्तान की अरुके कादिरबेक किजी को 13-2 से करारी शिकस्त दी। ग्रीको-रोमन कैटेगरी में नीरज पटेल ने अपने 55 किलोग्राम मैच में शानदार तकनीक का प्रदर्शन किया। उन्होंने कजाकिस्तान के राउआन बेकिमोव को 8-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

पदकों की इस सूची में एक और नाम जोड़ते हुए, 87 किलोग्राम वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में रोहित बुरा ने किर्गिस्तान के आर्टिकबेक अलीमबेक उलू को 9-0 से शिकस्त देकर पोडियम में स्थान बनाया।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags