तेलिन में जेलेंस्की की फिनलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात, एयर डिफेंस पर हुई अहम बात
नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो के साथ मुलाकात कर यूरोप की सुरक्षा, यूक्रेन की एयर डिफेंस क्षमता को मजबूत करने और ड्रोन डील से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में कहा, ''तेलिन में यूक्रेन-उत्तरी यूरोप और बाल्टिक देशों के शिखर सम्मेलन की शुरुआत से पहले, मेरी मुलाकात फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो से हुई।
हमने यूरोप में एंटी-बैलिस्टिक रक्षा प्रणाली के विकास पर चल रहे काम और ड्रोन डील प्रारूप में होने वाले समझौते की तैयारियों पर चर्चा की। दोनों देशों की टीमें इस पर काम कर रही हैं, और सबसे जरूरी बात यह है कि यूरोप की रक्षा क्षमता और मजबूत हो।
हमने खास तौर पर यूक्रेन की वायु रक्षा (एयर डिफेंस) को मजबूत करने की जरूरत, क्षेत्र की सुरक्षा चुनौतियों और न्यायपूर्ण शांति हासिल करने के लिए किए जा रहे कूटनीतिक प्रयासों पर बात की। मैंने प्रधानमंत्री को यूरोपीय और अमेरिकी नेताओं के साथ हमारे संपर्कों और बातचीत की जानकारी भी दी।
मैं फिनलैंड की सरकार, वहां के लोगों और पूरे देश का यूक्रेन के समर्थन के लिए आभारी हूं। खास तौर पर सैन्य सहायता पैकेजों और 'पर्ल' कार्यक्रम में उनके योगदान के लिए धन्यवाद। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि फिनलैंड आगे भी यूक्रेन की मदद जारी रखने के लिए तैयार है।
इस बैठक के दौरान जेलेंस्की ने स्वीडन के समर्थन के लिए प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन का भी आभार जताया। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं में ग्रिपेन फाइटर जेट और फ्रंटलाइन पर हो रही गतिविधियों पर बातचीत हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने कहा कि युद्ध के मैदान में यूक्रेन की स्थिति मजबूत है। स्वीडन अपना समर्थन जारी रखेगा।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में कहा, ''आपके समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि ग्रिपेन लड़ाकू विमान जल्द ही संचालन में आ सकें और स्वीडन के साथ हमारे मजबूत संबंध आगे भी बने रहें।''
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी

