'सही समय आएगा तो सबको जवाब मिलेगा', सुरक्षा में कटौती पर तेजस्वी यादव का सरकार पर निशाना
पटना, 9 जून (आईएएनएस)। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार की सुरक्षा में की गई कटौती को लेकर जमकर राजनीति हो रही है। राजद नेता और कार्यकर्ता इसका विरोध कर रहे हैं, वहीं जब तेजस्वी यादव, मीसा भारती और लालू प्रसाद यादव पटना पहुंचे तो उनकी सुरक्षा में कर्मियों की तैनाती नहीं थी। एयरपोर्ट पर सिर्फ राजद के कार्यकर्ता ही मौजूद थे।
आवास के बाहर मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिसको डर है, वह सुरक्षा रखे हुए हैं। हमें किसका डर है? जनता हमारे साथ है और हमारे कार्यकर्ता बहादुर हैं। इस संघर्ष में वे हमारे साथ हैं। सही समय आएगा तो सबको जवाब मिलेगा।
आवास खाली करने को लेकर उन्होंने कहा कि प्रथम महिला मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के स्टेटस में 2005 से अभी तक कोई बदलाव नहीं हुआ है। 10 नंबर का घर भी हमें सरकार ने दिया था। अब सिर्फ परेशान करने के लिए खाली करने के लिए कहा जा रहा है। यहां कई लोग बिना पद के ही बंगलों में रह रहे हैं और सुरक्षा के साथ चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद भी सम्राट चौधरी की सोच में कोई बदलाव नहीं आया है। वह तुच्छ, घटिया और नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। उन्हें बस प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री को संदेश देना है कि हम कभी लालू यादव के पाले में थे, लेकिन आज आपके ही हैं। वह चयनित मुख्यमंत्री हैं, न कि निर्वाचित।
तेजस्वी यादव ने कहा कि वह मुद्दों से लोगों का ध्यान भटका रहे हैं। भ्रष्टाचार, पेपर लीक, बेरोजगारी, अपराध, महंगाई और अर्थव्यवस्था असली मुद्दे हैं, लेकिन इन पर काम करने के बजाय लालू परिवार को निशाना बनाकर राजनीति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उन्हें जो भी सुरक्षा मिली थी, वह किसी की कृपा से नहीं मिली थी। वह तीन बार चुनाव जीत चुके हैं, उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। राबड़ी देवी पहली महिला मुख्यमंत्री रही हैं। लालू यादव रेल मंत्री समेत सभी सदनों के सदस्य रहे हैं। यह घर और सुरक्षा कृपा से नहीं मिली। लालू और राबड़ी देवी ने कृपा की थी और आज वह (सम्राट चौधरी) राजनीति में हैं।
सांसद मीसा भारती ने कहा, ''हमें सुरक्षा की जरूरत नहीं है। राजद कार्यकर्ता ही सुरक्षा दे रहे हैं। जो लोग लोगों के दिलों में बसते हैं, उन्हें सुरक्षा की जरूरत नहीं होती।"
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

