राहुल गांधी ने PM मोदी को दी खुली बहस की चुनौती: बोले- 5 मिनट में देशद्रोही साबित कर दूंगा; कहा- किसी भी मंच पर आकर चर्चा कर लें
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती दी है। राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को किसी भी मंच और किसी भी स्थान पर आमने-सामने बैठकर बहस करने के लिए कहा है। उनका दावा है कि प्रधानमंत्री उनके साथ बहस करने के लिए सामने नहीं आएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि वह महज पांच मिनट में प्रधानमंत्री को देशद्रोही साबित कर सकते हैं।
राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब भाजपा और कांग्रेस के बीच विपक्ष के कथित विदेशी कनेक्शन और देशविरोधी गतिविधियों को लेकर बयानबाजी तेज है। राहुल ने प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं तो इन मुद्दों पर सार्वजनिक मंच पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए।
राहुल बोले- किसी भी मंच पर कर लें बहस
राहुल गांधी ने 3 नवंबर को सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर प्रधानमंत्री मोदी को बहस की चुनौती दोहराई। उन्होंने कहा कि 24 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की ओर से उनकी चुनौती पर कोई जवाब नहीं आया है।
राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री कोई भी मंच और स्थान चुन सकते हैं। बहस के दौरान मीडिया और देश के युवा मौजूद रहें। दोनों नेता आमने-सामने बैठें और किसी भी व्यक्ति को निर्णायक बनाया जा सकता है। राहुल ने यहां तक कहा कि प्रधानमंत्री चाहें तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत को भी निर्णायक बना सकते हैं।उन्होंने कहा कि चर्चा का मुख्य सवाल यह होना चाहिए कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों से किसके संबंध हैं।
अमेरिका डील और अडानी मामले पर भी सवाल उठाए
राहुल गांधी ने प्रस्तावित बहस के मुद्दों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था, वित्तीय ढांचे और भारत-अमेरिका के बीच हुई डील पर चर्चा होनी चाहिए।उन्होंने सवाल उठाया कि अमेरिका के साथ समझौता कैसे और इतनी जल्दी क्यों हुआ? इस प्रक्रिया में कैबिनेट को जानकारी क्यों नहीं दी गई? राहुल ने अडानी मामले और एपस्टीन से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों पर खुलकर चर्चा होने से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से कहा कि वह बहस के लिए आगे आएं, ताकि आरोपों और दावों की सच्चाई सामने आ सके।
निर्मला सीतारमण ने संसद में बहस करने को कहा
राहुल गांधी की चुनौती पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से बहस करने के लिए संसद पहले से ही उपयुक्त मंच है। राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और उन्हें सदन में ही सवाल उठाने चाहिए।सीतारमण ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और सरकार का जवाब सुने बिना सदन से बाहर जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष चर्चा चाहता है तो उसे संसद में भी गंभीरता से भाग लेना चाहिए।
राहुल ने युवाओं से भी पूछा सवाल
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक ऑनलाइन पोल भी साझा किया। इसमें उन्होंने देश के युवाओं से पूछा कि क्या वे राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी के बीच खुली बहस देखना चाहते हैं। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए उनसे प्रधानमंत्री को बहस के लिए राजी करने की अपील की।फिलहाल राहुल गांधी की ओर से दी गई बहस की चुनौती पर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। प्रधानमंत्री मोदी की ओर से इस प्रस्ताव को स्वीकार करने की कोई पुष्टि सामने नहीं आई है।

