Samachar Nama
×

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की वैश्विक सराहना, विश्वभर के नेताओं ने भेजा बधाई संदेश

नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनिया के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी। अलग-अलग देशों के नेताओं ने प्रधानमंत्री के बदलाव लाने वाले शासन, ग्लोबल साउथ के लिए उनके समर्थन और सबको साथ लेकर चलने वाले और आर्थिक रूप से गतिशील भारत के उनके विजन की तारीफ की।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की वैश्विक सराहना, विश्वभर के नेताओं ने भेजा बधाई संदेश

नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनिया के कई नेताओं ने उन्‍हें बधाई दी। अलग-अलग देशों के नेताओं ने प्रधानमंत्री के बदलाव लाने वाले शासन, ग्लोबल साउथ के लिए उनके समर्थन और सबको साथ लेकर चलने वाले और आर्थिक रूप से गतिशील भारत के उनके विजन की तारीफ की।

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका ने सोमवार को प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखा। उसमें उन्होंने श्रीलंका की सरकार और जनता की तरफ से उन्हें बधाई दी और कहा, “यह उपलब्धि सिर्फ आपके वर्षों के कार्यकाल का प्रमाण नहीं है, बल्कि इस बात का भी सबूत है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लोगों ने बार-बार आपके नेतृत्व पर भरोसा जताया है।”

उन्होंने यह भी कहा कि भारत में जो आर्थिक और सामाजिक बदलाव हुए हैं, वे बहुत उल्लेखनीय हैं और प्रधानमंत्री मोदी का विजन श्रीलंका समेत कई देशों को प्रेरित करता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 4 से 6 अप्रैल 2025 के बीच श्रीलंका का दौरा किया था, जो उनका चौथा दौरा था। इस दौरान उन्हें श्रीलंका का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान 'मित्र विभूषण' दिया गया, जो किसी विदेशी मेहमान को दिया जाता है। इस यात्रा ने भारत की 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति को और मजबूत किया, जिसमें श्रीलंका भारत के सबसे करीबी साझेदार देशों में से एक है। भारत ने 2022 में श्रीलंका की आर्थिक मुश्किलों के समय भी अहम मदद दी थी।

पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को 'एक रोल मॉडल और नेतृत्व का उदाहरण' बताया। उन्होंने कहा कि '20 करोड़ से ज्यादा लोगों को गरीबी से निकालकर आज बेहतर जीवन देना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।' उन्होंने भारत और पापुआ न्यू गिनी के बीच दोस्ती को और मजबूत करने की इच्छा भी जताई।

प्रधानमंत्री मोदी ने मई 2023 में पापुआ न्यू गिनी का ऐतिहासिक दौरा किया था, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा थी। यह यात्रा फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन शिखर सम्मेलन के लिए हुई थी और इसे भारत के ग्लोबल साउथ के देशों से रिश्तों में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया।

त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने भी इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मुद्दों पर एक मजबूत आवाज बनकर उभरा है। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी का जीवन एक साधारण शुरुआत से लेकर 1.4 अरब लोगों के देश का नेतृत्व करने तक का प्रेरणादायक सफर है। साथ ही भारत की विदेश नीति, आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे और सामाजिक तरक्की की भी उन्होंने सराहना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने 3 से 4 जुलाई 2025 के बीच त्रिनिदाद और टोबैगो का ऐतिहासिक दौरा किया था, जो 26 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा थी। यह यात्रा वहां भारतीय प्रवासियों के आगमन की 180वीं वर्षगांठ के साथ भी जुड़ी थी।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags