पद्मश्री के लिए चयनित बृज लाल भाट बोले-कश्मीर घाटी लौटने लगे हैं लोग, आने वाले दिनों में दिखेगा बड़ा परिवर्तन
जम्मू, 25 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में सामाजिक कार्य करने वाले बृज लाल भाट को पद्मश्री पुरस्कार के लिए चुना गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25 मई को आयोजित समारोह में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान करेंगी। बृज लाल भाट ने इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए अपने सफर के बारे में आईएएनएस से बातचीत की।
बृज लाल भाट ने कहा, "इस सम्मान के लिए मैं देश की राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। इस स्वर्णिम अवसर में शामिल होने के लिए मैं इस सप्ताह श्रीनगर जा रहा हूं। मैं अपनी पत्नी को भी धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने मेरे कार्यों और संघर्षों में हमेशा मेरा साथ दिया।"
उन्होंने कहा कि उनका सफर काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। उन्होंने कश्मीर घाटी में वह दौर भी देखा है, जब हालात बिगड़ने लगे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने घाटी नहीं छोड़ी और समाज सेवा का कार्य लगातार जारी रखा। आज न केवल भारत में, बल्कि दुनिया भर में कश्मीरी पंडित समुदाय के लोग विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। लोग अब एक बार फिर कश्मीर घाटी लौटने लगे हैं और आने वाले वर्षों में घाटी में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय युवा पीढ़ी को दिया।
बृज लाल भाट ने आगे कहा, "युवा हमारे काम से प्रेरित होंगे और हमारे पदचिह्नों पर चलेंगे। हमारे संगठन में काम करने वाले लगभग 50 से 60 प्रतिशत सदस्य युवा हैं। नया जम्मू-कश्मीर विकसित भारत की ओर अग्रसर है और प्रदेश की नई छवि उभर रही है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नशा-विरोधी अभियान शुरू किया है, जो बेहद आवश्यक है।"
भाट ने चिंता जताते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में बड़ी संख्या में लड़कियां भी नशे की लत का शिकार हो रही हैं। इस बुराई से लोगों को बचाया जाना चाहिए और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों का पर्दाफाश कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने देश के सभी नागरिकों से जम्मू-कश्मीर की नई छवि को देखने और नशा-विरोधी अभियान का समर्थन करने की अपील की।
पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे कोई राजनीतिक बयान नहीं दे रहे हैं, लेकिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का लाभ वहां के लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाता था, जबकि अब लोगों को इन योजनाओं का फायदा मिलने लगा है।
उन्होंने कहा कि यही भारत की सच्ची तस्वीर है, जहां जम्मू-कश्मीर से लेकर पश्चिम बंगाल तक और पश्चिम बंगाल से लेकर कन्याकुमारी तक, देशभर के नागरिक प्रधानमंत्री की कई योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने सभी भारतीयों से देश को प्रगति, समृद्धि और विकास के पथ पर आगे बढ़ाने में योगदान देने की अपील की।
--आईएएनएस
ओपी/एएस

