आईपीएल 2026: केकेआर ने चोटिल मथीशा पथिराना की जगह लवनीत सिसोदिया को टीम में शामिल किया
कोलकाता, 24 मई (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल 2026 के बाकी मैचों के लिए चोटिल श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की जगह विकेटकीपर-बल्लेबाज लवनीत सिसोदिया को टीम में शामिल किया है।
सिसोदिया घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक की तरफ से खेलते हैं। वह पहले भी केकेआर और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का हिस्सा रहे हैं। 25 वर्षीय सिसोदिया ने 15 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें 124 रन बनाए हैं। सिसोदिया को केकेआर ने 30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया है।
सिसोदिया के टीम में शामिल होने से केकेआर की बल्लेबाजी में गहराई आई है। केकेआर अंगकृष रघुवंशी के बाहर होने से भी मुश्किल में है। रघुवंशी के बाहर होने से टीम की बल्लेबाजी कमजोर हुई है। रघुवंशी सिर में चोट और उंगली में फ्रैक्चर होने के कारण सीजन से बाहर हो गए हैं।
मथीशा पथिराना को केकेआर ने आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में 18 करोड़ की बड़ी कीमत पर खरीदा था। इंजरी की वजह से टूर्नामेंट के अधिकांश मैचों से बाहर रहे पथिराना 16 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच खेलने उतरे थे, लेकिन सिर्फ 1.2 ओवर फेंकने के बाद उन्हें हैमस्ट्रिंग की समस्या हुई और वह पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। उस मैच में उन्हें 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर टीम में शामिल किया गया था।
पथिराना को टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान इंजरी हुई थी। उन्हें अपना स्पेल बीच में ही छोड़ना पड़ा था। इसके बाद वह टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गए थे।
आईपीएल 2026 में खेलने के लिए, श्रीलंका क्रिकेट ने इस बात पर जोर दिया था कि पथिराना अपनी पिंडली की चोट से उबरने के बाद फिटनेस टेस्ट पास करें, तभी उन्हें एनओसी दिया जाएगा। उन्हें यह मंजूरी तब मिली, जब केकेआर के चार मैच खेले जा चुके थे और टीम को इन सभी मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। टीम में शामिल होने के बाद भी, पथिराना को केकेआर के 12वें मैच तक प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन सके थे।
केकेआर सीजन का अपना आखिरी लीग मुकाबला रविवार को अपने होम ग्राउंड ईडन गार्डेन्स में खेलेगी। केकेआर को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना है। 13 मैचों में 6 जीत और बारिश की वजह से रद्द मैच से मिले 1 अंक लेकर कुल 13 अंक के साथ केकेआर अभी भी प्लेऑफ की रेस में जिंदा है, लेकिन उसके टॉप-4 में पहुंचने की संभावना बहुत कम है।
--आईएएनएस
पीएके

