ईडी ने जेप्टो के फाउंडर्स को भेजा समन, अपडेटेड आईपीओ ड्राफ्ट पेपर में सामने आई जानकारी
नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। क्विक कॉमर्स कंपनी जेप्टो के आईपीओ ड्राफ्ट पेपर से खुलासा हुआ है कि संस्थापक आदित पालिचा और कैवल्य वोहरा को अप्रैल में विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा), 1999 के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से समन मिला है।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट पेपर में जेप्टो ने बताया कि ईडी ने कंपनी और उसके प्रमोटरों से जुड़ी जानकारी और दस्तावेज मांगे, जिनमें विदेशी निवेश, शेयरहोल्डिंग पैटर्न, फाइनेंशियल स्टेटमेंट, लोन और गारंटी, इनकम टैक्स रिटर्न, बैंक अकाउंट और कंपनी के बिजनेस मॉडल की जानकारी शामिल थी।
फाइलिंग के अनुसार, ईडी ने दोनों प्रमोटरों को 8 अप्रैल को समन जारी किया था। इसमें उन्हें एजेंसी के सामने पेश होने और कंपनी के बिजनेस व उनकी पर्सनल होल्डिंग्स से जुड़ी जानकारी देने के लिए कहा गया था।
मांगी गई जानकारी में विदेशी निवेश, वित्त वर्ष 21 से ऑडिटेड फाइनेंशियल स्टेटमेंट, अचल संपत्ति, शेयरहोल्डिंग पैटर्न, लोन और गारंटी, इनकम टैक्स रिटर्न, बैंक अकाउंट और कंपनी के बिजनेस मॉडल पर एक नोट जैसी डिटेल्स शामिल थीं।
समन का पालन करते हुए, कैवल्य वोहरा 17 और 22 अप्रैल को ईडी के सामने पेश हुए, जबकि आदित पालिचा 20 अप्रैल और 15 मई को पेश हुए।
फाइलिंग में बताया गया है कि संस्थापकों ने ईडी द्वारा मांगी गई जानकारी और डॉक्यूमेंट्स के साथ-साथ एजेंसी के साथ बाद की बातचीत के दौरान मांगी गई अतिरिक्त जानकारी भी उपलब्ध कराई।
इनमें कंपनी के होल्डिंग स्ट्रक्चर, बिजनेस अरेंजमेंट और एग्रीमेंट व इनवॉइस जैसे सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट्स से जुड़ी जानकारी शामिल थी।
कंपनी ने फाइलिंग में कहा, "इस अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस-I की तारीख तक, अपना जवाब जमा करने के बाद से हमें ईडी से कोई और सूचना नहीं मिली है।"
हालांकि, जेप्टो ने निवेशकों को यह भरोसा नहीं दिलाया कि भविष्य में कोई पूछताछ नहीं होगी या मामला जांच, कानूनी कार्यवाही या संभावित जुर्माने तक नहीं बढ़ेगा।
इस जानकारी को अपडेटेड प्रॉस्पेक्टस के रिस्क फैक्टर्स और प्रमोटर से जुड़े कानूनी मामलों वाले सेक्शन में शामिल किया गया है।
सोबी ने मई में जेप्टो के प्रस्तावित इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग को मंजूरी दी थी। पब्लिक इश्यू में लगभग 8,000 करोड़ रुपए का इक्विटी फ्रेश इश्यू और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा ऑफर फॉर सेल शामिल होने की उम्मीद है।
कंपनी फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल अपने डार्क स्टोर नेटवर्क को बढ़ाने, टेक्नोलॉजी और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और अपनी सब्सिडियरी, जेप्टो मार्केटप्लेस प्राइवेट लिमिटेड के जरिए मार्केटिंग और बिजनेस प्रमोशन गतिविधियों को सपोर्ट करने के लिए करने की योजना बना रही है।
--आईएएनएस
एबीएस

