Samachar Nama
×

राहुल गांधी ने बेंगलुरु में एआईसीसी सचिव सूरज हेगड़े को दी श्रद्धांजलि

बेंगलुरु, 9 जून (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मंगलवार को बेंगलुरु पहुंचे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा एआईसीसी सचिव सूरज हेगड़े को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
राहुल गांधी ने बेंगलुरु में एआईसीसी सचिव सूरज हेगड़े को दी श्रद्धांजलि

बेंगलुरु, 9 जून (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मंगलवार को बेंगलुरु पहुंचे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा एआईसीसी सचिव सूरज हेगड़े को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

राहुल गांधी के बेंगलुरु पहुंचने पर उनका स्वागत कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने किया।

एआईसीसी सचिव और राज्य गारंटी योजना क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सूरज हेगड़े का रविवार देर रात बेंगलुरु में हृदयाघात (कार्डियक अरेस्ट) के कारण निधन हो गया था। वह 55 वर्ष के थे।

सूरज हेगड़े, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता डी देवराज उर्स के पोते थे।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ''सूरज हेगड़े जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। एआईसीसी सचिव और भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व प्रभारी के रूप में उन्होंने पार्टी की विचारधारा में गहरा विश्वास रखते हुए काम किया। युवा कांग्रेस उनके लिए केवल एक जिम्मेदारी नहीं थी, बल्कि उन्होंने ऐसे युवा नेताओं का मार्गदर्शन किया, जो आज न्याय और लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ा रहे हैं।''

उन्होंने आगे लिखा कि उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं उनके परिवार, सहयोगियों और उन सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, जिनके जीवन को उन्होंने प्रभावित किया।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ''सूरज हेगड़े का निधन कांग्रेस परिवार के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और युवा नेताओं को आगे बढ़ाने के लिए अथक प्रयास किए। हम उन्हें हमेशा स्नेह, सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद करेंगे। उनके परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।''

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी दुःख व्यक्त किया और कहा, ''सूरज हेगड़े के असामयिक निधन से मैं गहरे सदमे में हूं। उन्होंने एआईसीसी सचिव के रूप में पूरी निष्ठा के साथ पार्टी की सेवा की। सूरज मेरे परिवार के बहुत करीब थे और मैं उन्हें किशोरावस्था से जानता था। उन्हें एक समर्पित और संगठन के प्रति प्रतिबद्ध नेता के रूप में विकसित होते देखना सुखद था। उन्होंने युवा कांग्रेस में महत्वपूर्ण योगदान दिया और देवराज उर्स की विरासत तथा मूल्यों को ईमानदारी से आगे बढ़ाया।''

खड़गे ने कहा, ''इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करे।''

मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी अपने शोक संदेश में कहा कि सूरज हेगड़े के अचानक निधन की खबर से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में एक युवा नेता का इस तरह दुनिया छोड़ जाना बेहद दुखद है।

उन्होंने बताया कि सूरज हेगड़े एआईसीसी सचिव के रूप में संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय थे और तमिलनाडु तथा पुडुचेरी के प्रभारी के रूप में भी उन्होंने कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिवकुमार ने उनके निधन को कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

--आईएएनएस

एएमटी/एएस

Share this story

Tags