Samachar Nama
×

सैन्य ठिकाने पर हमले की कोश‍िश में नाइजीरियाई सैनिकों की जवाबी कार्रवाई, 12 संदिग्ध हमलावर ढेर

अबुजा, 24 मई (आईएएनएस)। नाइजीरिया की सेना ने बताया है कि उत्तर-पूर्वी राज्य बोर्नो राज्य में एक सैन्य ठिकाने पर हमला करने की कोशिश के बाद हुई गोलीबारी में कम से कम 12 संदिग्ध हमलावर मारे गए।
सैन्य ठिकाने पर हमले की कोश‍िश में नाइजीरियाई सैनिकों की जवाबी कार्रवाई, 12 संदिग्ध हमलावर ढेर

अबुजा, 24 मई (आईएएनएस)। नाइजीरिया की सेना ने बताया है कि उत्तर-पूर्वी राज्य बोर्नो राज्य में एक सैन्य ठिकाने पर हमला करने की कोशिश के बाद हुई गोलीबारी में कम से कम 12 संदिग्ध हमलावर मारे गए।

सेना के प्रवक्ता सानी उबा ने शनिवार (स्थानीय समय) को एक बयान में कहा कि संदिग्ध आतंकवादियों ने शुक्रवार सुबह नाइजीरिया-कैमरून सीमा के पास किरावा कस्बे में स्थित एक सैन्य पोस्ट में घुसपैठ करने की कोशिश की थी, लेकिन 153 टास्क फोर्स बटालियन और सहयोगी बलों के जवानों ने उन्हें रोक दिया।

उबा के मुताबिक, सरकारी सैनिकों ने भारी गोलीबारी की, जिससे हमलावर पीछे हटने पर मजबूर हो गए और वे कैमरून सीमा की ओर भाग गए।

सेना ने बताया कि कुछ हमलावर घायल हालत में वहां से भाग निकले।

सैनिकों ने मौके से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया, जिनमें एके-47 राइफलें, रॉकेट लॉन्चर और एक मशीन गन शामिल हैं।

इससे पहले 19 मई को सेना ने बताया था कि नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी इलाके में आतंकवाद विरोधी संयुक्त अभियानों में नाइजीरियाई सैनिकों और अमेरिकी बलों ने मिलकर कुल 175 इस्लामिक स्टेट के लड़ाकों और उनके वरिष्ठ कमांडरों को मार गिराया है।

सेना के प्रवक्ता समाइला उबा ने एक बयान में कहा था कि ये संयुक्त हवाई और जमीनी हमले पिछले सप्ताहांत शुरू हुए थे और इनसे आतंकवादी संगठन की ताकत को बड़ा नुकसान पहुंचा है। कई ठिकाने, हथियारों के भंडार, लॉजिस्टिक सेंटर, सैन्य उपकरण और फंडिंग नेटवर्क नष्ट कर दिए गए।

उबा ने बताया कि मारे गए लोगों में कई बड़े आतंकवादी नेता भी शामिल थे, जैसे अबू-बिलाल अल-मिनुकी, जिसे संगठन का वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा नेता बताया गया था।

उनके अनुसार, अल-मिनुकी आतंकवादी संगठन की बाहरी गतिविधियों में अहम भूमिका निभाता था, जिसमें फंडिंग, भर्ती, लॉजिस्टिक और हमलों की योजना बनाना शामिल था। उसकी मौत से संगठन की कमान और नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि अन्य मारे गए प्रमुख आतंकियों में अब्द-अल वहाब, जो इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस में हमलों और प्रचार का जिम्मा संभालता था; अबू मूसा अल-मंगावी; और अबू अल-मुथन्ना अल-मुहाजिर, जो मीडिया प्रोडक्शन से जुड़ा हुआ था, शामिल हैं।

सेना के प्रवक्ता ने कहा कि ये सफलताएं नाइजीरिया की सेना की लगातार कोशिशों को दिखाती हैं, जिसमें देश और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए आतंकवादी तत्वों को खत्म किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि सभी आतंकवादी नेटवर्क को खत्म किया जा सके।

ये हालिया अभियान नाइजीरिया और अमेरिका के बीच हाल ही में शुरू हुए एक नए आतंकवाद-रोधी और खुफिया जानकारी साझा करने वाले सहयोग के तहत किए गए हैं, जिसका मकसद क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करना है।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम

Share this story

Tags