ओडिशा में राज्यसभा की खाली सीट पर उपचुनाव 18 जून को, देवाशीष के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी सीट
भुवनेश्वर, 27 मई (आईएएनएस)। भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) ने बुधवार को ओडिशा से राज्यसभा की रिक्त सीट को भरने के लिए उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी। यह सीट देबाशीष सामंतराय के इस्तीफे के बाद खाली हुई है।
सामंतराय ने सोमवार को बीजेडी और राज्यसभा दोनों से इस्तीफा दे दिया था।
चुनाव आयोग द्वारा बुधवार को घोषित कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव के लिए अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी।
नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित की गई है। आयोग ने यह भी बताया कि मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। आयोग ने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून से पहले पूरी कर ली जाएगी।
यह उल्लेखनीय है कि सामंतराय को अप्रैल 2024 में राज्यसभा के लिए चुना गया था, हालांकि उन्होंने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनका कार्यकाल 3 अप्रैल 2030 तक था।
देबाशीष सामंतराय का इस्तीफा बीजेडी के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल सामंतराय ने सोमवार को पार्टी प्रमुख नवीन पटनायक को लिखे पत्र में लगातार उपेक्षा का आरोप लगाते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद राज्यसभा में क्षेत्रीय पार्टी की ताकत घटकर पांच सदस्य रह गई है।
पार्टी से इस्तीफा देने के एक दिन बाद, मंगलवार को सामंतराय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। यह कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुआ। उल्लेखनीय है कि वह तीन बार विधायक रह चुके हैं और 2000-2004, 2009-2014 और 2014-2019 के दौरान तिर्तोल और बाराबती-कटक विधानसभा क्षेत्रों से चुने गए थे।
बता दें कि देबाशीष सामंतराय ने पहले बीजेडी से इस्तीफा दिया था और इसके कुछ ही घंटों बाद उन्होंने नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंपकर उच्च सदन की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया।
इससे पहले ममता महंत और सुजीत कुमार के बाद सामंतराय नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजेडी) के तीसरे राज्यसभा सदस्य हैं, जिन्होंने उच्च सदन में अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफा दे दिया है।
--आईएएनएस
एएमटी/पीएम

