दिलीप जायसवाल ने की कांग्रेस सांसद शशि थरूर की तारीफ, राहुल गांधी पर साधा निशाना
पटना, 7 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि शशि थरूर एक कुशल राजनयिक और बुद्धिमान व ज्ञानवान व्यक्ति हैं। इस दौरान जायसवाल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष किया।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में रखे गए डिनर में पहुंचे थे। रविवार को दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस सांसद की प्रशंसा की। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "शशि थरूर एक अच्छी डिप्लोमेसी निभाने वाले व्यक्ति हैं। वह बुद्धिमान हैं और उन्हें अच्छी जानकारी भी है।"
इससे पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ने रूसी राष्ट्रपति से मिलने के लिए विपक्षी नेताओं को आमंत्रित न करके परंपरा का उल्लंघन किया है।
रविवार को जायसवाल ने कहा, "राहुल गांधी देश का नमक खाते हैं और देश की बुराई करते हैं। जब विदेश जाते हैं तो देश के खिलाफ बोलते हैं। उनके जैसे लोगों को डिप्लोमेसी का हिस्सा बनने की जरूरत नहीं है।"
'संविधान' को लेकर राहुल गांधी के बयान पर दिलीप जायसवाल ने कहा, "उन्हें पता होना चाहिए कि संविधान खतरे में नहीं है, बल्कि उनकी कांग्रेस पार्टी खतरे में है।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जहाज डूब रहा है और राहुल गांधी को अपनी पार्टी को बचाने पर ध्यान देना चाहिए। भारत का लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था बहुत मजबूत है, इसलिए ड्रामा करने के बजाय, उन्हें अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए।
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब पता चला कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को शुक्रवार शाम के आधिकारिक डिनर में निमंत्रित नहीं किया गया। वहीं, कांग्रेस सांसद शशि थरूर को निमंत्रण मिला, जो डिनर में शामिल भी हुए। यह घटनाक्रम राहुल गांधी के सार्वजनिक आरोप के एक दिन बाद आया, जिसमें उन्होंने सरकार पर परंपरा तोड़ने का आरोप लगाया।
--आईएएनएस
डीसीएच/वीसी

