Samachar Nama
×

देवघर में किराए के मकान में मिले दंपती के शव, एक साल पहले हुई थी शादी

देवघर, 5 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के देवघर शहर के बेलाबगान कालीबाड़ी मोहल्ले में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किराए के मकान से दंपती के शव बरामद हुए।
देवघर में किराए के मकान में मिले दंपती के शव, एक साल पहले हुई थी शादी

देवघर, 5 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के देवघर शहर के बेलाबगान कालीबाड़ी मोहल्ले में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किराए के मकान से दंपती के शव बरामद हुए।

मृतकों की पहचान रवि शर्मा (30) और उनकी पत्नी लवली शर्मा (24) के रूप में हुई है। दोनों ने करीब एक साल पहले शादी की थी। पुलिस के अनुसार, दंपती जिस कमरे में रह रहे थे, उसका दरवाजा अंदर से बंद था। बुधवार दोपहर जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को शक हुआ।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा, तो भीतर दोनों के शव पड़े मिले। सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

लवली शर्मा का मायका देवघर शहर के कालीरेखा मोहल्ले में है, जबकि रवि मूल रूप से बिहार के सिवान का रहने वाला था। वह कामकाज के सिलसिले में गुवाहाटी में रहता था।

बताया जाता है कि दोनों की ऑनलाइन मेट्रिमोनियल साइट से जान-पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। युवती को बाद में पता चला कि युवक को टीबी की बीमारी है। उसका इलाज किया जा रहा था। कुछ दिन पहले भी रवि एम्स से इलाज कराकर लौटा था।

यह भी बताया गया कि दो दिन पहले ही युवक ने किराए पर कमरा लिया था। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। कुछ माह पहले लवली के परिजनों ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय दोनों पक्षों में समझौता हुआ और दंपती फिर से साथ रहने लगे थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके बीच मंगलवार देर रात भी झगड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन देवघर पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि कमरे की स्थिति और घटनास्थल से मिले संकेतों के आधार पर यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, सटीक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

--आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

Share this story

Tags