ऑटो चालक ने मांगा किराया, तो गुस्साई युवती ने बीच सड़क में बुरी तरह से पीटा, पुलिस केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक लड़की ने बीच सड़क पर एक ऑटो चालक की पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑटो चालक की गलती यह थी कि उसने लड़की से किराया मांगा था। घटना के बाद लड़की ने ऑटो चालक को धमकी दी और कहा कि अगर उसने कुछ गलत किया तो वह उसे जिंदा दफना देगी। वह किसी के बाप से नहीं डरती। इस दौरान ऑटो चालक लड़की से माफी मांगता रहा, लेकिन वह उसे गालियां देती रही और पीटती रही। घटना 10 जनवरी की है।
लड़की ने इस घटना का खुद ही वीडियो भी बनाया और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। अब घटना के बाद ऑटो चालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्महत्या कर लेंगे। इसके जवाब में लड़की ने दोबारा वीडियो अपलोड किया है। इसमें कहा गया है कि जो कोई गलत काम करेगा उसे जिंदा दफना दिया जाएगा। वह किसी के बाप से नहीं डरती। फिलहाल पुलिस ने आरोपी लड़की के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह पूरी घटना कटरा थाना क्षेत्र के पथरहिया मोहल्ले की है। पीड़ित ऑटो चालक विमलेश कुमार शुक्ला निवासी बहुती बेलहरा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह दो लड़कियों को ऑटो में लेकर बरकछा के पास से मिर्जापुर की ओर आ रहा था। पथरहिया में उतरने के बाद जब उसने लड़कियों से किराया मांगा तो उनमें से एक ने उसका कॉलर पकड़ लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगी। उस लड़की ने अपना फोन दूसरी लड़की को दे दिया और उससे वीडियो बनाने को कहा। इस दौरान उसने माफी भी मांगी, लेकिन आरोपी युवती उसे पीटती रही।
अब लोग लड़की के वायरल वीडियो पर खूब कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोग इस लड़की के पक्ष में बोल रहे हैं तो कुछ लोग ऑटो चालक के पक्ष में बोल रहे हैं। बाद में लड़की ने इंस्टाग्राम से यह वीडियो डिलीट कर दिया और नया वीडियो अपलोड कर दिया। इसमें आरोपी युवती ने खुद की पहचान मिर्जापुर निवासी प्रियांशी पांडेय के रूप में बताई है। इस वीडियो में वह कह रही हैं कि जब ऑटो चालक ने कुछ गलत कहा तो उन्होंने उसकी पिटाई कर दी। उसे इस बात का कोई अफसोस नहीं है। इस मामले में सीओ सिटी विवेक जावला ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।