हैवानियत! युवती के साथ नहीं कर पाया दुष्कर्म तो काट दिए तीन गायों के थन, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां चामराजपेट इलाके में तीन गायों के थन आंशिक रूप से कट गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए इस हैवानियत के आरोपी को चामराजपेट इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिहार के चंपारण जिले के निवासी 30 वर्षीय सैयद नसरू के रूप में हुई है। आइये इस पूरी घटना के बारे में विस्तार से जानते हैं।
दरअसल, कॉटनपेट पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत विनायक नगर से सूचना मिली थी कि शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात कुछ बदमाशों ने तीन गायों के थन आंशिक रूप से काट दिए हैं। पुलिस ने इस मामले में पशु क्रूरता अधिनियम व बीएनएस की धारा 325 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके बाद जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बिहार के चंपारण जिले के रहने वाले नसरू नाम के शख्स ने शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद सैयद नसरू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गायों के साथ क्रूरता की इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और भाजपा ने अपराधियों को तुरंत पकड़ने की चेतावनी भी जारी की। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त बी. दयानंद को मामला सुलझाने का निर्देश दिया।
पुलिस ने बताया है कि सैयद नसरू ने नशे की हालत में गायों के साथ यह कुकृत्य किया। जानकारी के अनुसार आरोपी घटनास्थल से 50 मीटर दूर प्लास्टिक और कपड़े के बैग सिलाई की दुकान में काम करता था। पुलिस के अनुसार यह स्पष्ट हो गया है कि इस घटना में कोई और शामिल नहीं है। आरोपी सैयद नसरू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे 24 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घायल गायों का पशु चिकित्सालय में उपचार कराया गया है और अब उनकी हालत बेहतर है।