जन्मदिन की पार्टी में जा रही बच्ची को रास्ते से उठा ले गए बदमाश, सुनसान जगह पर ले जाकर किया गैंगरेप

मध्य प्रदेश के दमोह जिले से हैवानियत को भी शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आ रही है। पुलिस द्वारा शनिवार को दी गई जानकारी के अनुसार, दमोह में जन्मदिन की पार्टी में जा रही 12 वर्षीय लड़की के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना गुरुवार शाम की है। उन्होंने बताया कि इस घटना को लड़की के एक परिचित ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
देहात पुलिस थाने के प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि लड़की अपने चचेरे भाई के घर जन्मदिन की पार्टी में जा रही थी, तभी उसके एक परिचित ने कथित तौर पर उसे रोका और अपने 2 दोस्तों के साथ उसे जबरन कार में बैठा लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों ने लड़की को तालाब के पास सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद लड़की किसी तरह घर पहुंची और अपने साथ हुई घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आपको बता दें कि हाल ही में मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक निजी स्कूल के चपरासी ने पांचवीं कक्षा की छात्रा का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लड़की आरोपी के चंगुल से भागने में सफल रही। माचलपुर कस्बे में सोमवार को हुई इस घटना की जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।