Samachar Nama
×

बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप जारी, मार्च से अब तक 631 मासूमों की मौत

ढाका, 9 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश में खसरे या फिर इससे मिलते-जुलते लक्षणों ने अब तक 631 मासूमों की जान ले ली है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, स्वास्थ्य महकमे के लिए यह चिंता का बड़ा विषय बना हुआ है।
बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप जारी, मार्च से अब तक 631 मासूमों की मौत

ढाका, 9 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश में खसरे या फिर इससे मिलते-जुलते लक्षणों ने अब तक 631 मासूमों की जान ले ली है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, स्वास्थ्य महकमे के लिए यह चिंता का बड़ा विषय बना हुआ है।

ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान खसरे जैसे लक्षणों वाले तीन और बच्चों की मौत हो गई, जबकि 54 नए मामलों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

तीन मौतों के साथ ही इस वर्ष खसरा और खसरे जैसे लक्षणों से जुड़ी कुल मौतों की संख्या बढ़कर 631 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में ढाका, सिलहट और मयमनसिंह में एक-एक नए पुष्ट मामले दर्ज किए गए।

स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के नियंत्रण कक्ष के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में 980 नए संदिग्ध मरीज सामने आए हैं। 15 मार्च से अब तक देशभर में खसरे के 81,084 संदिग्ध मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

समाचार एजेंसी यूएनबी ने स्वास्थ्य अधिकारियों के हवाले से बताया कि पिछले 24 घंटों में 54 मामलों की लैब जांच में खसरे की पुष्टि हुई, जिससे 15 मार्च के बाद कुल पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 9,833 हो गई है।

15 मार्च से 9 जून के बीच खसरे के संदिग्ध लक्षणों वाले 81,084 मरीज अस्पतालों में भर्ती हुए। इनमें से 62,292 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।

राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटों में पुष्टि किए गए खसरे के मामलों में किसी मौत की सूचना नहीं मिली। हालांकि, 15 मार्च से अब तक कन्फर्म मामलों में मरने वालों की कुल संख्या 92 तक पहुंच गई है।

वहीं, संदिग्ध खसरा मामलों में पिछले 24 घंटों के दौरान तीन मौतें दर्ज की गईं, जिससे इस श्रेणी में कुल मौतों का आंकड़ा 539 हो गया है।

क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक संदिग्ध मामले ढाका डिवीजन में सामने आए हैं, जहां अब तक 37,798 मरीज दर्ज किए गए। इनमें से 6,822 मामलों में खसरे की पुष्टि हो चुकी है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने, लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने और संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags