'संगमरमर' में दिखेगी प्यार की नई कहानी, निर्देशक सूरज बड़जात्या ने बताया क्यों खास है सीरियल
मुंबई, 20 फरवरी (आईएएनएस)। 'मैंने प्यार किया,' 'हम आपके हैं कौन,' और 'हम साथ-साथ हैं' जैसी रोमांटिक फिल्मों के निर्देशक सूरज बड़जात्या अब ओटीटी पर प्यार के रंग बिखरने के लिए तैयार हैं।
निर्देशक प्यार और जिम्मेदारियों के बीच फंसे रिश्तों की कहानी को अपने अपकमिंग पारिवारिक ड्रामा 'संगमरमर' में दिखाने वाले हैं। सीरियल में लीड रोल में सौरभ राज जैन और शीन सविता दास दिखने वाले हैं। अब टीम की पूरी स्टारकास्ट ने आईएएनएस से खास बातचीत की है।
अपकमिंग पारिवारिक ड्रामा 'संगमरमर' के आइडिया पर बात करते हुए निर्देशक सूरज बड़जात्या ने बताया कि उन्हें कुछ ऐसा बनाना था, जो टीवी और ओटीटी दोनों के करीब हो। उन्होंने कहा, "जियो हॉटस्टार ने हमसे एक पारिवारिक और लंबी स्टोरी का आइडिया मांगा था, जो पारिवारिक और भारत की कहानी को दिखाने वाला हो। हमने उन्हें 'संगमरमर' दिया और उन्हें पसंद आया। 'संगमरमर' ऐसे लड़के और लड़की की कहानी है, जो 25 साल से साथ हैं बिना शादी के, क्योंकि बंदिशें बहुत हैं। सीरियल गहरे प्यार और साथ को दिखाने वाली है।"
सीरियल में अपने किरदार अमृता पर बात करते हुए शीन सविता दास ने कहा, "मेरे लिए अमृता का किरदार जिम्मेदारी के साथ आता है क्योंकि अमृता ने अपने सपनों को छोड़, घर की जिम्मेदारियों को चुना है। उसे नहीं पता कि सही और गलत क्या है, उसे बस अपने उजड़ते घर को बिखरने से बचाना है। अमृता घर को संभालने के लिए पूरी जान लगा देती है, लेकिन इसका श्रेय आदित्य को भी जाता है, जो दूर रहकर, अपने रिश्ते को पीछे कर अमृता की मदद करता है।"
वहीं अपने किरदार आदित्य के बारे में बात करते हुए सौरभ राज जैन ने बताया कि 'संगमरमर' ऐसे प्यार की कहानी है, जहां दोनों को एक दूसरे से बिना किसी उम्मीद के प्यार है। वे बदले में कुछ नहीं चाहते, सिर्फ लंबे समय से साथ निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, "अमृता और आदित्य दोनों अपनी परिस्थिति और जिम्मेदारियों में फंसे हैं, लेकिन कभी अपने प्यार को कम नहीं होने दिया है। दूर रहकर भी दोनों के बीच बिना किसी शर्त और उम्मीद के प्यार है। यह बहुत खूबसूरत कहानी है, जो दर्शकों को जरूर पसंद आएगी।"
बता दें कि 'संगमरमर' जियो हॉटस्टार और स्टार प्लस पर 26 फरवरी से प्रसारित होने वाला है और सीरियल की पहली झलक सामने आ चुकी है।
--आईएएनएस
पीएस/एएस

