MNIT कैंपस में लेपर्ड का शावक मिला, फुटेज में जानें एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित पकड़ा गया
शहर के रिहायशी इलाकों में लगातार हो रही तेंदुए की मूवमेंट के बीच मंगलवार सुबह मालवीय नगर स्थित मालवीय राष्ट्रीय तकनीकी संस्थान (MNIT) के कैंपस में लेपर्ड का एक शावक देखा गया। शावक का मूवमेंट विवेकानंद लेक्चर हॉल के पास नजर आते ही छात्रों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए संस्थान प्रशासन ने सभी छात्रों को हॉस्टल में ही रहने और कैंपस में गैर-जरूरी गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश जारी किए।
एक घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान
कैंपस में मौजूद सुरक्षा कर्मियों और कुछ कर्मचारियों ने सुबह सबसे पहले शावक के दिखाई देने की सूचना वन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
लगभग एक घंटे की खोजबीन के बाद शावक को हॉस्टल के पास स्थित एक बिल्डिंग में छिपा हुआ पाया गया। टीम ने जाल बिछाकर उसे सुरक्षित रूप से पकड़ने में सफलता हासिल की। इसके बाद वन विभाग की टीम ने शावक को सुरक्षित पिंजरे में डालकर अपने साथ ले गई।
एक महीने में 5 से ज्यादा बार दिखा तेंदुआ
पिछले एक महीने में अनिता कॉलोनी, सिविल लाइंस, विद्याधर नगर, और मालवीय नगर जैसे शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में 5 से अधिक बार तेंदुए के मूवमेंट देखे जा चुके हैं। इससे शहरी इलाकों में रहने वालों में लगातार चिंता बढ़ती जा रही है। वन विभाग का मानना है कि अरावली क्षेत्र से भोजन और पानी की तलाश में भटककर ये वन्य जीव शहर के भीतर प्रवेश कर रहे हैं।
वन विभाग ने जारी की सलाह
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि —
-
किसी भी वन्य जीव को देखकर उसे उकसाएं नहीं
-
तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें
-
पालतू पशुओं और छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखें
इसके साथ ही विभाग तेंदुए के मूवमेंट पर विशेष निगरानी रखते हुए आगे भी रेस्क्यू और मॉनिटरिंग अभियान जारी रखेगा।

