Samachar Nama
×

जयपुर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 3 की मौत; फुटेज में देंखे 5 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

जयपुर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 3 की मौत; फुटेज में देंखे 5 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

राजस्थान की राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, यह आग खोह नागोरियान के आयशा नगर तलाई क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के पास स्थित पटाखा फैक्ट्री में लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।हादसे में झुलसे सभी पांच मजदूरों को तुरंत जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, कई घायलों की हालत बेहद गंभीर है और वे लगभग 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। साथ ही प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फैक्ट्री खोह नागोरियान क्षेत्र में स्थित है और इसके आसपास रिहायशी इलाका भी मौजूद है। उन्होंने बताया कि आग लगने का प्राथमिक कारण ज्वलनशील पदार्थों का संपर्क माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।

प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और वहां आवश्यक अनुमति मौजूद थी या नहीं।इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसी फैक्ट्रियों पर सख्त निगरानी और सुरक्षा नियमों के कड़े पालन की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Share this story

Tags