प्रतापगढ़ में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बड़ी कार्रवाई, वीडियो में देंखे 151 किलो से अधिक अवैध गांजा जब्त
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के अंतर्गत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 151 किलो 75 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 75 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।यह कार्रवाई केसरियावाद थाना क्षेत्र के शिवपुरी मण्डात फला गांव में की गई। थानाधिकारी रमेशचंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर यह छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, खेत में मिर्ची, गन्ना और घास की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे उगाए गए थे। जांच के दौरान वहां हरे, गीले पत्तों और बीज युक्त कैनाबिस (Cannabis) के पौधे पाए गए।मौके पर मौजूद टीम ने सभी पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया और उनका वजन करने पर कुल 151 किलो 75 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने बताया कि यह अवैध खेती सुनियोजित तरीके से अन्य फसलों के बीच छिपाकर की जा रही थी, ताकि किसी को शक न हो सके।
थाना प्रभारी रमेशचंद्र ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध खेती के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह नशीले पदार्थ कहां सप्लाई किए जाने थे।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया गया है और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि इससे नशे के एक बड़े नेटवर्क को नुकसान पहुंचाने में मदद मिली है।