पत्नी देबिना और बेटियों के साथ वीडियो शेयर कर गुरमीत चौधरी बोले, यही मेरा घर है
नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। मनोरंजन जगत में अक्सर सितारे अपने निजी जीवन के अनुभव को फैंस संग साझा करते रहते हैं। इस कड़ी में अभिनेता गुरमीत चौधरी ने पत्नी देबिना बनर्जी और बेटियों के साथ एक वीडियो पोस्ट कर घर का असली मतलब बताया।
गुरमीत ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनकी पत्नी देबीना बनर्जी अपनी दोनों बेटियों लियाना और दिविशा के साथ समय बिताती नजर आ रही हैं। वीडियो में परिवार के खुशियों भरे पल देखने को मिल रहे हैं। यह क्लिप किसी वेकेशन की है, जिसमें देबिना अपनी एक बेटी को गोद में उठाए झील के किनारे खड़ी नजर आ रही हैं। इसके बाद वह अपनी दोनों बेटियों के साथ मस्ती करती हुई दिखाई देती हैं। आसपास हंसों का झुंड है और प्राकृतिक नजारा इस पूरे पल को और भी खूबसूरत बना रहा है।
इस बीच क्लिप में एक सवाल लिखा आता है- 'क्या आप मेरा घर देखना चाहते हैं?' यह सवाल ही इस पूरे वीडियो को आगे बढ़ाता है।
गुरमीत चौधरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ''बस सोच रहा था, इसलिए इसे लिखने का सोचा। एक समय था जब मुझे लगता था कि मैं अकेले ही अपनी जिंदगी अच्छे से जी सकता हूं और सब कुछ अपने आप चलता रहेगा, लेकिन फिर मेरी जिंदगी में देबिना आई और उनके आने के बाद मेरी सोच पूरी तरह बदल गई। मैंने महसूस किया कि जिंदगी अकेले नहीं, बल्कि किसी के साथ मिलकर चलने का नाम है।''
उन्होंने लिखा, "फिर हमारी दोनों बेटियों का जन्म हुआ और उनके आने के बाद मेरी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। उन्होंने मुझे सिखाया कि घर कोई जगह नहीं है, बल्कि उन लोगों से बना होता है जिन्हें हम दिल से प्यार करते हैं। मुझे एहसास हुआ कि असली खुशी अपने लोगों को ढूंढने और उनके साथ जीवन बिताने में है।"
उन्होंने कहा, ''हमें अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहिए और हमेशा उनके लिए मौजूद रहना चाहिए। आज की दुनिया में जहां सब कुछ तेजी से बदल रहा है, वहां सच्चा प्यार ही सबसे बड़ी ताकत है जिसे संभालकर रखना चाहिए।''
--आईएएनएस
पीके/वीसी