×

एनसीआर में मौसम का बड़ा बदलाव: दो दिन भीषण गर्मी के बाद 11-12 जून को आंधी-बारिश का येलो अलर्ट

 

नोएडा, 9 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी, तेज धूप और सतही तेज हवाओं का सामना करना पड़ेगा। इसके बाद 11 और 12 जून को पश्चिमी विक्षोभ तथा प्री-मानसून गतिविधियों के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आने की संभावना है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। आईएमडी के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 9 जून को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, इस दिन किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

10 जून को भी मौसम लगभग इसी प्रकार बना रहेगा। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक वाले बादलों के विकसित होने की संभावना बनी रहेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, 11 जून से मौसम करवट लेगा। इस दिन अधिकतम तापमान घटकर 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन के उत्तरार्ध और शाम के समय हल्की से बहुत हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। रात के समय भी इसी तरह की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसी कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है।

12 जून को मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज होकर 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोपहर और शाम के दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

बारिश के बाद 13 जून को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक वाले बादलों के बनने की संभावना जताई है।

वहीं, 14 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन मौसम सामान्य रूप से आंशिक बादलों वाला रहेगा।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून गतिविधियों के संयुक्त प्रभाव से एनसीआर में अगले सप्ताह मौसम तेजी से बदलेगा। फिलहाल 9 और 10 जून को लोगों को भीषण गर्मी और तेज हवाओं का सामना करना पड़ेगा, लेकिन 11 और 12 जून को संभावित बारिश और आंधी के कारण तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। इससे लंबे समय से गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एसके