×

जम्मू-कश्मीर: 'नशामुक्त अभियान' के तहत बारामूला पुलिस ने भांग की खेती को नष्ट किया

 

बारामूला, 24 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में 'नशा मुक्ति अभियान' चलाया जा रहा है। जिसके तहत बारामूला पुलिस ने पालहालन के जंगलों में जंगली भांग की खेती को नष्ट करने के लिए अभियान चलाया।

इस अभियान के दौरान पुलिस चौकी पालहालन ने नागरिक समाज के सदस्यों के साथ मिलकर सदरबल पालहालन में लगभग एक कनाल सरकारी जमीन पर फैली जंगली भांग को नष्ट किया। भांग के इन पौधों को मौके पर नष्ट किया गया।

बता दें कि 'नशा मुक्ति अभियान' के तहत जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में रियासी में एक महिला के पास से 58 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। 19 मई को, कटरा पुलिस स्टेशन की एक टीम ने वरुण चौक पर नियमित जांच के दौरान एक महिला को रोका। तलाशी के दौरान, उसके पास से 58 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी महिला की पहचान अमृतसर निवासी संजना के रूप में हुई है और वह वर्तमान में रियासी के सरस्वती चौक में रह रही है।

हाल ही में गांदरबल में पुलिस ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से हेरोइन जैसे नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए थे। दुमकदल चौक पर पुलिस की ओर से नियमित नाका चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान गांदरबल से बारसू की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर जांच की गई। पुलिस को गाड़ी में सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद वाहन और उसमें बैठे लोगों की गहन तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने गाड़ी के अंदर से और आरोपियों के कब्जे से हेरोइन बरामद किया, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। बरामद नशीले पदार्थ को कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जहांगीर अहमद जान उर्फ 'जाना' निवासी ट्रीसा सफापोरा, जुनैद जहूर भट निवासी वारिपोरा सफापोरा और जहांगीर अहमद भट निवासी बटपोरा सफापोरा के रूप में हुई थी।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम