×

नफरत भरे कंटेंट पर दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति लीजे म्युंग सख्त, कार्रवाई के ल‍िए मांगी जनता की राय

 

सियोल, 24 मई (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति लीजे म्युंग ने रविवार को ऑनलाइन नफरत फैलाने वाली और अपमानजनक पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई को लेकर सार्वजनिक बहस की मांग की है।

ली ने यह बात सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्ट में एक रिपोर्ट साझा की जिसमें बताया गया था कि एक दक्षिणपंथी ऑनलाइन फोरम से जुड़े कुछ युवाओं ने पूर्व उदारवादी राष्ट्रपति रो मू-ह्यून की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मृत्यु की सालगिरह पर उनके स्मारक स्थल के पास भड़काऊ और अपमानजनक हरकतें कीं।

ली ने लिखा कि इस पर अलग-अलग राय हैं कि क्या ऐसे बयान, जो समाज में विभाजन और टकराव पैदा करते हैं। जैसे कि 'इल्बे' नामक ऑनलाइन समुदाय में देखे जाते हैं। उन्हें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के तहत सुरक्षा मिलनी चाहिए या फिर उन पर प्रतिबंध और सजा जैसी कार्रवाई होनी चाहिए।

'इल्बे स्टोरहाउस' दक्षिण कोरिया का एक ऑनलाइन समुदाय है, जो अपने चरम दक्षिणपंथी विचारों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों के खिलाफ नफरत भरे विचारों और नस्लवादी भाषा के लिए जाना जाता है।

ली ने कहा कि ऐसे मामलों में और सख्त शर्तों की जरूरत है और यहां तक कि अपमानजनक या नफरत फैलाने वाले कंटेंट पर सजा या हर्जाने जैसी कार्रवाई भी हो सकती है।

योनहाप न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने बताया कि इस बात पर भी बहस चल रही है कि क्या ऐसे ऑनलाइन फोरम को बंद कर दिया जाना चाहिए।

ली ने लिखा, “आप क्या सोचते हैं? मैं इस मुद्दे को कैबिनेट बैठक में भी उठाऊंगा।” उनकी यह टिप्पणी उस घटना के एक दिन बाद आई, जब उन्होंने स्टारबक्स कोरिया की 2024 की एक प्रमोशनल कैंपेन की आलोचना की थी, जिसे कुछ लोगों ने 2014 की सेवल फेरी दुर्घटना से जुड़ा हुआ माना।

स्टारबक्स कोरिया ने 16 अप्रैल 2024 को 'सायरन क्लासिक मग कलेक्शन' लॉन्च किया था। यह वह तारीख है जब सेवल फेरी डूबने की घटना की बरसी होती है, जिसमें 300 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज्यादातर स्कूली छात्र थे।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम