×

एशिया में बढ़ती मांग और यूरोप की खरीदारी से वैश्विक एलएनजी की कीमतों में हो सकती है वृद्धि: रिपोर्ट

 

नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। एक रिपोर्ट के अनुसार, एशियाई देशों में बढ़ती मांग और सर्दियों से पहले यूरोप द्वारा अपने कम हो चुके गैस भंडार को फिर से भरने की आवश्यकता के चलते वैश्विक तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की कीमतों के अगले कुछ महीनों में तीन साल से अधिक के उच्चतम स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है।

मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि एशियाई एलएनजी बेंचमार्क कीमत इस साल की तीसरी और चौथी तिमाही में बढ़कर 25 डॉलर प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट (एमएमबीटीयू) तक पहुंच सकती है, जो मौजूदा फॉरवर्ड मार्केट स्तरों की तुलना में 30 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी होगी।

अगर यह अनुमान सही साबित होता है, तो एलएनजी की कीमतें 2023 की शुरुआत के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच जाएंगी। उस समय यूरोपीय देशों ने रूस से पाइपलाइन गैस की आपूर्ति कम होने के बाद बड़े पैमाने पर एलएनजी की खरीद की थी।

वैश्विक ब्रोकरेज कंपनी का कहना है कि मध्य पूर्व में तनाव कम होने की स्थिति में भी एलएनजी की कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास जारी व्यवधान का वैश्विक एलएनजी आपूर्ति पर बड़ा असर पड़ा है। यह मार्ग कतर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे प्रमुख एलएनजी निर्यातक देशों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत और चीन सहित एशिया के प्रमुख बाजारों में प्राकृतिक गैस की खपत फिर से बढ़ने लगी है। वहीं, यूरोप पर सर्दियों के मौसम से पहले अपने गैस भंडार को भरने का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

मॉर्गन स्टेनली के विश्लेषकों के अनुसार, मार्च और अप्रैल में वैश्विक एलएनजी आयात कमजोर रहने से आपूर्ति में आई बाधाओं का असर कुछ हद तक कम हो गया था।

हालांकि अब गर्मियों के आगमन और ऊर्जा भंडारण बढ़ाने की बढ़ती जरूरत के कारण मांग फिर से तेज होने लगी है।

फारस की खाड़ी क्षेत्र में आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के बावजूद, दुनिया के अन्य हिस्सों में एलएनजी उत्पादन बढ़ने और उत्तरी अमेरिका में नए निर्यात संयंत्र शुरू होने से वैश्विक आपूर्ति को समर्थन मिला है।

इसी वजह से मई में वैश्विक एलएनजी आपूर्ति पिछले साल के इसी महीने की तुलना में केवल लगभग 10 लाख टन कम रही।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जून और जुलाई के दौरान एशिया के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान रहने का अनुमान है। इससे एयर कंडीशनिंग और कूलिंग की जरूरत बढ़ेगी, जिसके चलते एलएनजी की खपत में और तेजी आ सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, यूरोप में पिछले महीने गैस की मांग कमजोर रही, लेकिन वहां के भंडार अभी भी ऐतिहासिक औसत से काफी नीचे हैं।

वर्तमान में यूरोप के गैस स्टोरेज स्तर एक साल पहले की तुलना में करीब 17 प्रतिशत कम हैं, जबकि 10 साल के औसत से लगभग 25 प्रतिशत नीचे बने हुए हैं। इससे आने वाले महीनों में अतिरिक्त एलएनजी खरीद की आवश्यकता और बढ़ सकती है।

--आईएएनएस

डीबीपी