×

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में अब तक 7.44 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 

उत्तरकाशी, 24 मई (आईएएनएस)। जनपद उत्तरकाशी स्थित श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम में चारधाम यात्रा आस्था, विश्वास और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच निरंतर जारी है। कपाट खुलने के बाद से ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का लगातार आगमन हो रहा है। जिला प्रशासन की ओर से यात्रा मार्गों और धामों में की गई व्यापक व्यवस्थाओं के चलते यात्रा सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा रूट प्रबंधन, ट्रैक व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और यातायात नियंत्रण को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती के कारण यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाएं पूरी तरह नियंत्रण में हैं।

रविवार की शाम 6:30 बजे तक दोनों धामों में कुल 36,186 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें श्री यमुनोत्री धाम में 18,885 तथा श्री गंगोत्री धाम में 17,301 श्रद्धालु शामिल रहे। इस प्रकार वर्तमान यात्रा सत्र में अब तक दोनों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 7,44,379 पहुंच गई है।

यात्रियों के साथ-साथ वाहनों के सुचारू संचालन को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क बना हुआ है। रविवार को दोनों धामों के लिए कुल 3,590 वाहनों का सुरक्षित आवागमन दर्ज किया गया, जिनमें 986 बड़े वाहन और 2,604 छोटे वाहन शामिल रहे। इनमें यमुनोत्री धाम के लिए 1,940 वाहन तथा गंगोत्री धाम के लिए 1,650 वाहन रवाना हुए। अब तक यात्रा मार्गों पर कुल 72,440 वाहनों के माध्यम से यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।

यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से लगातार मॉनिटरिंग कर यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमित स्वास्थ्य स्क्रीनिंग और परीक्षण शिविर संचालित किए जा रहे हैं। रविवार को दोनों धामों में कुल 8,829 यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई, जबकि 187 यात्रियों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यमुनोत्री मार्ग पर 5,868 तथा गंगोत्री मार्ग पर 2,961 यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की गई।

चालू यात्रा सत्र में अब तक कुल 1,91,926 श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग और 16,601 यात्रियों का सफल स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यात्रियों को किसी प्रकार की चिकित्सीय परेशानी से बचाने के लिए लगातार निगरानी और चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

--आईएएनएस

डीकेपी/