×

गांधीवादी मूल्यों की बजाय गालियों की पार्टी बन गई है कांग्रेसः शहजाद पूनावाला

 

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पश्चिम बंगाल के बकरीद की छुट्टी में संशोधन के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लंबे समय से टीएमसी हिंदुओं पर अत्याचार कर रही थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस गालियों की पार्टी बन गई है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "कांग्रेस गांधीवादी मूल्यों की बजाय गालियों की पार्टी बन गई है। राहुल गांधी ने हाल ही में प्रधानमंत्री को 'अपशब्द' कहा था, जिसके बाद उनके करीबी सहयोगी अजय राय ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। बाद में उन्होंने दावा किया कि यह एआई या अन्य कारणों से हुआ था। उनके पुराने रिकॉर्ड को देखें तो वह गालियों से भरा पड़ा है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के खिलाफ 150 से अधिक अपशब्दों का प्रयोग किया है, क्योंकि वह ओबीसी और गरीब पृष्ठभूमि से आते हैं और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।"

शहजाद पूनावाला ने कहा, "लंबे समय तक टीएमसी की सरकार ने मुस्लिम वोट बैंक को खुश करने के लिए हिंदुओं के साथ अन्याय किया। हिंदुओं के पर्व पर धारा 144 लगाना, यात्रा निकलने न देना और छुट्टियां रद्द कर दी जाती थीं। वहीं, मुस्लिम समुदाय के त्योहारों पर कई दिनों तक छुट्टियां घोषित की जाती थी। अब भाजपा की सरकार ने तुष्टिकरण की राजनीति को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। सुवेंदु अधिकारी की सरकार घुसपैठियों के खिलाफ कदम उठा रही है। इसके साथ मदरसों और स्कूलों में वंदे मातरम अनिवार्य किया गया है। आज पश्चिम बंगाल में हिंदुओं का उतना ही अधिकार है, जितना बाकी समुदायों का है। भाजपा सबके लिए काम करती है और सबके साथ न्याय करती है।"

सपा-कांग्रेस में तनाव को लेकर पूनावाला ने कहा, "समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच दरार एक बार फिर गहरी हो गई है। अखिलेश यादव ने संकेत दिया है कि गठबंधन में कांग्रेस को ज्यादा जगह नहीं मिलेगी। इस पर इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी ही असली नेता हैं, इस तरह उन्होंने परोक्ष रूप से अखिलेश यादव के रुख को चुनौती दी। इससे पहले अखिलेश यादव ने कहा था कि समाजवादी पार्टी सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उनका ध्यान सिर्फ सीटें जीतने पर नहीं बल्कि जीत पर है। इंडी गठबंधन के पास कोई स्पष्ट लक्ष्य और दृष्टिकोण नहीं है। गठबंधन में कमीशन, करप्शन, एंबिशन और डिवीजन फॉर पोजिशन है। कांग्रेस ने डीएमके, टीएमसी, शिवसेना यूबीटी, आरजेडी और जेएमएम को धोखा दिया, जिससे अखिलेश यादव सावधान हो गए।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम