ईयू आयोग की अध्यक्ष और ब्रिटिश पीएम ने अमेरिका-ईरान के संभावित समझौते का किया स्वागत
नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर हो रही शांति वार्ता में प्रगति के संकेतों का स्वागत किया है। दोनों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी खुशी साझा की।
उन्होंने कहा, “मैं अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की दिशा में हो रही प्रगति का स्वागत करती हूं। हमें ऐसा समझौता चाहिए जो वास्तव में तनाव कम करे, होर्मुज को फिर से खोले और बिना किसी शुल्क के पूर्ण नौवहन स्वतंत्रता की गारंटी दे।”
इसके साथ ही उर्सुला ने ये पक्का करने की जरूरत पर बल दिया कि "ईरान को परमाणु हथियार बनाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए" और उसे क्षेत्र को अस्थिर करने की भी इजाजत नहीं होनी चाहिए, चाहे सीधे तौर पर हो या अपने सहयोगी समूहों के माध्यम से।
वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यूरोप इस संघर्ष के प्रभाव को सीमित करने और एक स्थायी कूटनीतिक समाधान की दिशा में काम करने में मदद करने को तैयार है।
इससे पहले यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अमेरिका-ईरान समझौते की दिशा में हो रही “प्रगति” को स्वागत योग्य बताया।
उन्होंने कहा, “हमें ऐसा समझौता चाहिए जो संघर्ष को समाप्त करे और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोले, साथ ही बिना किसी शर्त और बिना किसी प्रतिबंध के नौवहन की पूर्ण स्वतंत्रता सुनिश्चित करे। यह बेहद महत्वपूर्ण है कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।”
स्टार्मर ने कहा कि उनकी सरकार “ब्रिटिश जनता को इस संघर्ष से पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव से बचाने के लिए हर संभव प्रयास करती रहेगी।”
उन्होंने आगे कहा, “हम अपने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर इस अवसर का लाभ उठाएंगे और एक दीर्घकालिक कूटनीतिक समाधान हासिल करने की कोशिश करेंगे।”
भारत आए विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि यूएस-ईरान शांति वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है और बहुत जल्द इसे लेकर कुछ ऐलान किया जा सकता है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कुछ ऐसे ही संकेत दिए थे।
--आईएएनएस
केआर/