×

दिल्ली पुलिस ने नंदू गैंग के 3 शार्पशूटर्स और 2 हथियार सप्लायर्स को किया गिरफ्तार

 

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में रंगदारी के लिए बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के तीन शार्पशूटर्स और दो हथियार सप्लायर्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

स्पेशल सेल के अनुसार, गिरफ्तार शार्पशूटर्स की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी अभिषेक, साहिल और हर्षदीप उर्फ पोलू के रूप में हुई है, जबकि हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपियों की पहचान हरियाणा के कैथल निवासी करण उर्फ अंकुश और अमन के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, ये सभी आरोपी गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू के निर्देश पर दिल्ली के छावला इलाके में स्थित एक क्लिनिक पर फायरिंग कर रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे। हालांकि क्लिनिक के आसपास अधिक भीड़ होने के कारण आरोपी वारदात को अंजाम नहीं दे सके और रेकी कर वापस लौट गए थे। स्पेशल सेल की उत्तरी रेंज की टीम ने 20 मार्च को इंस्पेक्टर अनुज नौटियाल और इंस्पेक्टर चंदन कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर उसके अन्य साथियों और हथियार सप्लायर्स को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में खुलासा हुआ है कि कपिल सांगवान उर्फ नंदू विदेश में बैठकर रंगदारी का नेटवर्क चला रहा था। दिल्ली में हथियार, गोला-बारूद और बाइक की व्यवस्था कैथल में मौजूद उसके सहयोगियों के जरिए की गई थी। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से राजधानी में होने वाली एक बड़ी फायरिंग की साजिश को नाकाम कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हर्षदीप उर्फ पोलू सीधे तौर पर नंदू गैंग के संपर्क में था और उसी ने साहिल व अभिषेक को इस वारदात के लिए तैयार किया था। वहीं करण और अमन दिल्ली में हथियार पहुंचाने का काम कर रहे थे।

स्पेशल सेल ने बताया कि कुछ आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। साहिल पर अमृतसर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है, जबकि हर्षदीप पर चोरी और अन्य अपराधों का केस दर्ज है। करण के खिलाफ भी हरियाणा में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। दिल्ली पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और रंगदारी रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इस मामले में आगे जांच जारी है।

--आईएएनएस

पीएसके