चीन में कोयला खदान में गैस विस्फोट से 82 लोगों की मौत
बीजिंग, 24 मई (आईएएनएस)। चीन के शानशी थोंगचो समूह की ल्योशनयू कोयला खदान में 23 मई को रात करीब 10:30 बजे हुए गैस विस्फोट के संबंध में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में 82 लोगों की मौत हो चुकी थी, 2 लोग लापता थे और 128 लोग घायल हुए थे।
गौरतलब है कि 22 मई को शाम 7:29 बजे शानशी थोंगचो समूह की ल्योशनयू कोयला खदान में गैस विस्फोट हुआ, उस समय 247 मजदूर खदान के नीचे काम कर रहे थे।
छांगची शहर के मेयर छन श्यांगयांग ने बताया कि दुर्घटना के बाद, स्थानीय अधिकारियों ने कोयला खदान उत्पादन सुरक्षा दुर्घटनाओं के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना को तुरंत सक्रिय कर दिया, जिसमें 335 पेशेवर बचाव कर्मियों और 420 चिकित्सा कर्मियों को तैनात किया गया। आपातकालीन बचाव और चिकित्सा उपचार के लिए आसपास के क्षेत्रों से मोबाइल हाइपरबेरिक ऑक्सीजन चैंबर और 86 एम्बुलेंस भी भेजी गईं, ताकि बचाव के लिए अधिकतम समय का उपयोग किया जा सके और फंसे हुए लोगों की खोज और बचाव के लिए तेजी से काम किया जा सके।
इस बीच, स्थानीय अधिकारी द्वितीयक दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भूमिगत गैस और कार्बन मोनोऑक्साइड की सांद्रता पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं और उन्होंने शानशी थोंगचो समूह के अंतर्गत सभी चार कोयला खदानों को सुधार कार्य के लिए उत्पादन बंद करने का आदेश दिया है। प्रारंभिक आकलन से संकेत मिलता है कि संबंधित कोयला खनन कंपनी ने संबंधित कानून का गंभीर उल्लंघन किया है, और स्थानीय अधिकारियों ने कंपनी के वास्तविक नियंत्रक, जिम्मेदार व्यक्तियों और अन्य संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियंत्रण उपाय किए हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/