चमोली जिले में स्थित मां अनुसूया मंदिर के दर्शन करने के लिए सीएम धामी ने श्रद्धालुओं से किया आग्रह
चमोली, 24 मई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले में स्थित मां अनुसूया मंदिर और हर साल लगने वाले मेले और धार्मिक अनुष्ठानों के बारे में सोशल मीडिया पोस्ट कर लोगों से दर्शन करने का आग्रह किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में उन्होंने लिखा कि चमोली जनपद की सुरम्य वादियों में स्थित मां अनुसूया मंदिर आस्था, तप और आध्यात्मिक ऊर्जा का पावन केंद्र है। यह प्राचीन मंदिर देवी अनुसूया को समर्पित है, जहां प्रतिवर्ष दत्तात्रेय जयंती के अवसर पर भव्य मेले एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है। उन्होंने लिखा कि आप भी चमोली जनपद आगमन पर इस पावन मंदिर के दर्शन अवश्य करें।
एक दिन पहले 23 मई को उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में जानकारी दी थी कि श्री हेमकुंड साहिब जी के कपाट विधि-विधान से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा था कि जो बोले सो निहाल… सत श्री अकाल!
"श्रद्धा, तप और सेवा के पावन प्रतीक श्री हेमकुंड साहिब जी के कपाट आज पूर्ण विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। इस पुण्य यात्रा पर पधारने वाले देश-विदेश के सभी श्रद्धालुओं का देवभूमि उत्तराखंड में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने हेतु हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता और सेवा भाव के साथ कार्य कर रही है।"
उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा कि चमोली जनपद में स्थित श्री हेमकुंड साहिब अनेकों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का पावन केंद्र है। हिमालय की शांत वादियों में स्थित यह पवित्र धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आत्मिक ऊर्जा, मन की शांति और अध्यात्म की दिव्य अनुभूति का स्थान है। चमोली जनपद आगमन पर इस पावन स्थल के दर्शन अवश्य करें।
--आईएएनएस
एसडी/एएस