×

ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन: ली-जिंग को मात देकर अर्जुन-हरिहरन मेंस डबल्स के दूसरे राउंड में पहुंचे

 

सिडनी, 9 जून (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन में भारत के एमआर अर्जुन-हरिहरन अमसाकरुणन की जोड़ी ने मंगलवार को अमेरिकी जोड़ी आर्डेन क्वान ली-स्टेनली जिंग को 21-13, 21-13 से मात देकर मेंस डबल्स के दूसरे राउंड में जगह बना ली है।

भारतीय जोड़ी ने ओलंपिक बुलेवार्ड में पहले गेम के दौरान शुरू से आखिर तक बढ़त बनाए रखी और सेट को 21-13 से अपने नाम किया। दूसरे गेम की शुरुआत में अमेरिकी जोड़ी ने कड़ी टक्कर दी और ब्रेक के समय वे सिर्फ एक प्वाइंट से पीछे थे। खेल दोबारा शुरू होने पर भारतीय जोड़ी ने तेजी से अगले 10 प्वाइंट्स हासिल किए और सिर्फ 2 प्वाइंट्स गंवाए और सीधे गेम में मैच अपने नाम कर लिया।

वहीं, टूर्नामेंट में भारत की एक और मेंस डबल्स जोड़ी, अच्युतादित्य राव डोड्डावरपु और अर्जुन रेड्डी पोचाना पहले राउंड में स्थानीय जोड़ी कांकी इगावा और ओई ये हर्न से 15-21, 15-21 से हारकर बाहर हो गई।

डोड्डावरपु और पोचाना के बाहर होने के बाद, टूर्नामेंट में मेंस डबल्स में भारत की ओर से अब सिर्फ अर्जुन-अमसाकरुणन की चुनौती बची है। भारत की टॉप-रैंक वाली डबल्स टीम सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया, क्योंकि सात्विक को पिछले हफ्ते इंडोनेशिया में कंधे में चोट लग गई थी।

इससे पहले दिन में, भारत के सनीथ दयानंद ने अपने पहले सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में दो क्वालीफाइंग मैच जीतकर मेंस सिंगल्स के मेन ड्रॉ में जगह बनाई।

मेंस सिंगल्स में भारत की उम्मीदें दयानंद और थारुन मन्नेपल्ली पर टिकी होंगी। पिछले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन मेंस सिंगल्स का खिताब जीतने वाले लक्ष्य सेन इस साल अपना खिताब बचाने के लिए नहीं खेल रहे हैं, जबकि आयुष शेट्टी और एचएस प्रणय शुरू में एंट्री लिस्ट में शामिल होने के बावजूद आखिरी समय में टूर्नामेंट से हट गए।

दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु बुधवार को ऑस्ट्रेलिया में पेरू की इनेस लूसिया कैस्टिलो सालाजार के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगी। सिंधु फिलहाल विमेंस सिंगल्स रैंकिंग में 11वें नंबर पर हैं। मालविका बंसोड़ भी मुकाबले में उतरेंगी।

--आईएएनएस

आरएसजी