चढ़ावे वाले बयान पर सांसद जगदंबिका पाल बोले, अखिलेश यादव ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को किया आहत
लखनऊ, 9 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावों पर घपलेबाजी का आरोप लगाया है। इस पर अब भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने इन आरोपों से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने का काम किया है, जिसे मौजूदा समय में किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
जगदंबिका पाल ने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि इस बात को किसी भी सूरत में खारिज नहीं किया जा सकता है कि कैसे अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के अन्य नेताओं ने राम मंदिर का विरोध किया था। हम इस बात को कैसे भूल सकते हैं कि इन्हीं कार सेवकों पर कैसे गोली चलवाई थी और अब अखिलेश यादव इस तरह का गंभीर आरोप लगाया है।
इसके अलावा भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने बाबरी मस्जिद का भी जिक्र करके अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद में श्रद्धालुओं की ओर से चंदा चढ़ाया जाता है, लेकिन गौर करने वाली बात है कि आज तक उन्होंने इसके चंदे पर कोई सवाल नहीं उठाया। इसके उनका दोहरा रवैया साफ जाहिर होता है। देश प्रदेश की जनता उन्हें समझ रही है, लेकिन मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि इस तरह का दोहरा रवैया पूरी तरह से अनुचित है।
उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति की भी सीमा होती है, लेकिन अफसोस की बात है कि उन्होंने इस सीमा को लांघ करके करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर प्रहार किया है, जिसे देश की जनता अच्छे समझ रही है।
साथ ही, 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में अखिलेश यादव की ओर से राहुल गांधी को दी गई नसीहत पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बसपा सब मिलकर लड़े तब भी और अकेले लड़ें तब भी प्रदेश में कमल खिलने जा रहा है। भाजपा तीसरी बार सरकार बड़े बहुमत के साथ बनने जा रही है।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी