जोधपुर में दर्दनाक हादसा: जेब में रखा मोबाइल फटा, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे किराना व्यापारी गंभीर रूप से झुलसा
राजस्थान के जोधपुर में एक चौंकाने वाला और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक किराना व्यापारी की पैंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद मोबाइल में आग लग गई, जिससे व्यापारी गंभीर रूप से झुलस गया।यह घटना मंडोर कृषि मंडी इलाके में सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। हादसे में घायल व्यापारी की पहचान गोपाल सोनी के रूप में हुई है। घटना के बाद उन्हें तुरंत नजदीकी मंडोर स्थित सैटेलाइट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यापारी अपने सामान्य कामकाज में व्यस्त थे, तभी अचानक उनकी जेब में रखा मोबाइल तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके के तुरंत बाद मोबाइल में आग लग गई और कपड़ों में भी आग पकड़ने लगी।हादसे में गोपाल सोनी के घुटने के ऊपर जांघ का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है। इसके अलावा उनके हाथ की अंगुलियां भी बुरी तरह जल गई हैं। डॉक्टरों के अनुसार, कई जगहों पर त्वचा (स्किन) तक उधड़ गई है, जिससे चोटें गंभीर मानी जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि जब व्यापारी ने आग लगते हुए मोबाइल को जेब से बाहर निकालने की कोशिश की, तो उनके हाथ की अंगुलियां भी जल गईं। दर्द और जलन के कारण वह मौके पर ही तड़पने लगे, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मोबाइल में विस्फोट किस वजह से हुआ। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि यह बैटरी फेलियर या ओवरहीटिंग का मामला हो सकता है, लेकिन पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञ इसकी जांच में जुट गए हैं।
स्थानीय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। मोबाइल की ब्रांड और मॉडल की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि डिवाइस में कोई तकनीकी खराबी थी या किसी अन्य कारण से यह हादसा हुआ।इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, क्योंकि जेब में रखे मोबाइल के इस तरह फटने से सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि मोबाइल को अत्यधिक गर्मी, खराब बैटरी या लोकल चार्जर के इस्तेमाल से बचाया जाए।फिलहाल घायल व्यापारी का इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टरों की टीम नजर बनाए हुए है।