
एक चौंका देने वाली घटना अमेरिका से सामने आई है, जहां सीएटल से बीजिंग जा रही एक फ्लाइट में अचानक हंगामा मच गया। फ्लाइट के दौरान एक यात्री ने न सिर्फ अन्य यात्रियों से झगड़ा किया, बल्कि उसने विमान का दरवाज़ा खोलने की भी कोशिश की। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि फ्लाइट अटेंडेंट को उस पर शराब की बोतल तक दे मारनी पड़ी। घटना के बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
फ्लाइट के दौरान किया उत्पात, दरवाजा खोलने की कोशिश
यह घटना उस समय हुई जब बोइंग 767 विमान प्रशांत महासागर के ऊपर वैंकुवर द्वीप के पश्चिम में उड़ान भर रहा था। फ्लोरिडा के टैम्पा शहर का रहने वाला 23 वर्षीय युवक जोसेफ डेनियल हुडेक विमान में सवार था। उड़ान शुरू होने से पहले ही उसने फ्लाइट अटेंडेंट से बीयर मांगी, लेकिन नशा न चढ़ने पर उसने और ड्रिंक्स की मांग नहीं की।
कुछ समय बाद वह अचानक आक्रामक हो गया और विमान में बैठे अन्य यात्रियों से झगड़ने लगा। इसके बाद उसने प्लेन का गेट खोलने की कोशिश की, जिससे सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स में हड़कंप मच गया। प्लेन के हज़ारों फीट की ऊंचाई पर होने के कारण यह प्रयास बेहद खतरनाक था, क्योंकि इससे यात्रियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
बोतल से हमला कर रोका गया आरोपी, फिर भी नहीं माना
जब हुडेक दरवाज़ा खोलने की कोशिश कर रहा था, तभी फ्लाइट अटेंडेंट और यात्रियों ने मिलकर उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान हुडेक ने एक यात्री और अटेंडेंट के साथ मारपीट भी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फ्लाइट अटेंडेंट ने उसके सिर पर शराब से भरी बोतल दे मारी।
हालांकि बोतल सिर पर टूट गई, फिर भी उसका कोई असर हुडेक पर नहीं हुआ। इसके उलट वह और भी अधिक आक्रामक हो गया और चिल्लाने लगा। स्थिति को और बिगड़ता देख फ्लाइट क्रू ने तुरंत विमान की इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया।
फिर करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, आरोपी पर कड़ी कार्रवाई संभव
विमान को तुरंत सीएटल-टैकोमा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर लाया गया, जहां एयरपोर्ट पुलिस पहले से मौजूद थी। पुलिस ने जोसेफ डेनियल हुडेक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हुडेक की हरकतों से न केवल फ्लाइट की सुरक्षा खतरे में पड़ी, बल्कि सैकड़ों यात्रियों की जान जोखिम में आ गई।
पुलिस ने बताया कि हुडेक पर फ्लाइट अटेंडेंट और यात्रियों से झगड़ने, जानबूझकर विमान के दरवाज़े से छेड़छाड़ करने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगा है। इन गंभीर अपराधों के लिए अधिकतम 20 साल की जेल और 2.5 लाख डॉलर (लगभग 2 करोड़ रुपये) तक के जुर्माने का प्रावधान है।
अब इस मामले में 13 जुलाई को अगली सुनवाई होगी, जिसमें हुडेक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी। अमेरिकी फेडरल एविएशन अथॉरिटी ने भी इस घटना को बेहद गंभीर माना है और यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से इसे एक "हाई रिस्क ब्रीच" बताया है।
यात्रियों की सतर्कता और फ्लाइट क्रू की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि फ्लाइट क्रू की त्वरित प्रतिक्रिया और यात्रियों की सतर्कता किसी भी अनहोनी से बचाव में अहम भूमिका निभाती है। अगर उस वक्त फ्लाइट अटेंडेंट और यात्रियों ने मिलकर हुडेक को नहीं रोका होता, तो यह हादसा एक बड़ी त्रासदी में बदल सकता था।
प्लेन में एयर प्रेशर और सुरक्षा नियमों को देखते हुए उड़ान के दौरान दरवाजा खोलने की कोशिश जानलेवा हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऊंचाई पर विमान के दरवाजे को खोलना आसान नहीं होता, लेकिन ऐसा प्रयास खुद यात्रियों और क्रू के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।